सेफ्टी टैंक में महुआ बना काल, एक को बचाने उतरे 3 लोग; पूरे परिवार को निगल गई जहरीली गैस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

हजारीबाग: जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कुद वार्ड नंबर-24 से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार देर रात एक घर के सेफ्टी टैंक में फैली जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। मृतकों में मां, बेटा और चाचा शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर के सेफ्टी टैंक का इस्तेमाल अवैध महुआ शराब की चुलाई और भंडारण के लिए किया जा रहा था। लंबे समय से टैंक के अंदर महुआ शराब रखे जाने के कारण उसमें जहरीली गैस भर गई थी और टैंक पूरी तरह ऑक्सीजन विहीन हो चुका था।

बताया जा रहा है कि चमेली देवी टैंक से महुआ शराब निकालने के लिए नीचे उतरी थीं। अंदर पहुंचते ही वह जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गईं। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनका 20 वर्षीय बेटा रवि साव मां को बचाने के लिए टैंक में उतरा, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आ गया।

इसके बाद मदन साव दोनों को बचाने नीचे गए, मगर कुछ ही मिनटों में वह भी बेहोश होकर गिर पड़े। देखते ही देखते सेफ्टी टैंक एक ही परिवार के लिए मौत का कुआं बन गया। अपनों को बचाने की कोशिश में परिवार के मुखिया आनंद साव भी टैंक में उतरे, लेकिन जहरीली गैस के असर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से आनंद साव को बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सरोज कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

वहीं वार्ड नंबर-24 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दिलीप साव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि रिहायशी इलाके में अवैध शराब का यह खतरनाक कारोबार आखिर कैसे चल रहा था, इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अवैध शराब का यह काला कारोबार आखिर और कितनी जान लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें