संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
Giridih: नगर थाना क्षेत्र के सरिसिया सिहोडीह पुराने पुल के नीचे शुक्रवार को एक 17 वर्षीय युवती का शव पानी में तैरता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरिसिया निवासी योगेश दास की पुत्री पायल कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पायल पिछले दो दिनों से लापता थी। परिवार के लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया था। शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और युवती की पहचान की।
परिजनों ने बताया कि घर से निकलने के बाद पायल की आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान उसने कहा था कि वह “10 मिनट में घर पहुंच रही हूं।” इसके कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद परिवार लगातार रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करता रहा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच में जुटी हुई है। मोबाइल कॉल डिटेल समेत अन्य तथ्यों की जांच कर पुलिस घटना के पीछे की सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।








