गढ़वा में गैस सिलेंडरों की संभावित कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 13 भरे सिलेंडर बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गढ़वा जिले में गैस सिलेंडरों की संभावित कालाबाजारी को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनपुरवा भट्टी मोहल्ला स्थित एक अर्धनिर्मित भवन में छापेमारी की। उपायुक्त के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में 13 भरे हुए एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए। मौके से गैस चूल्हों से जुड़े कई उपकरण भी मिले हैं।

छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद जयकृष्ण से पूछताछ की गई, लेकिन वह सिलेंडरों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बताया जा रहा है कि वह गैस मरम्मत की दुकान चलाता है और पहले गैस डिलीवरी का काम भी कर चुका है। बरामद सभी सिलेंडर इंडेन गैस एजेंसी के पाए गए। हालांकि एजेंसी संचालक से संपर्क करने पर संबंधित व्यक्ति को सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी।

मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने अर्धनिर्मित भवन को तत्काल सील कर दिया है। साथ ही संबंधित गैस एजेंसी को सिलेंडरों के सत्यापन, जिम्मेनामा और आगे की आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुट गया है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिस भवन में सिलेंडर रखे गए थे, उसके मालिक के खिलाफ भी अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान गढ़वा थाना के पुलिस उप निरीक्षक अविनाश कुमार समेत पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

#Garhwa #Jharkhand #LPGCylinder #BlackMarketing #BreakingNews #SanthalHulExpress

और पढ़ें