संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुंडा स्थित गोधर 6 नंबर एरिया में सोमवार को अचानक हुई भू-धसान की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सब स्टेशन के पीछे तेज धमाके के साथ जमीन धंस गई, जिससे वहां बड़ा गोफ बन गया। घटना के बाद आसपास के तीन घरों में दरारें पड़ गईं और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
भू-धसान के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने जल्दबाजी में अपने घरों से जरूरी सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन धंसने के बाद इलाके में जहरीली गैस का रिसाव भी महसूस किया गया, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं बीसीसीएल प्रबंधन ने प्रभावित क्षेत्र को डेंजर जोन घोषित कर दिया है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के काफी देर बाद तक न तो बीसीसीएल के अधिकारी और न ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बीसीसीएल प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि गोधर इलाके में पहले भी कई बार भू-धसान की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। पीड़ित शिवनंदन पासवान और पार्वती देवी ने प्रशासन से सुरक्षित स्थान पर आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार इलाके में करीब 250 परिवार रहते हैं, जिनकी जान लगातार खतरे में बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत और पुनर्वास की मांग की है।
#Dhanbad #Jharkhand #Bhudhasan #BCCL #BreakingNews #SanthalHulExpress








