ऊर्जा संकट और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सुनील यादव की अनोखी पहल, घोड़े पर सवार होकर पहुंचे प्रखंड कार्यालय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

साहिबगंज। बढ़ते ऊर्जा संकट और पर्यावरण संरक्षण को लेकर साहिबगंज जिला परिषद के उपाध्यक्ष सुनील यादव की अनोखी पहल इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा संबंधी संदेश से प्रेरित होकर सुनील यादव ने ईंधन बचाने का संदेश देने के लिए एक अलग तरीका अपनाया।

साहिबगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित जनप्रतिनिधियों की बैठक में शामिल होने के लिए सुनील यादव चारपहिया या दोपहिया वाहन की जगह घोड़े पर सवार होकर पहुंचे। उनके इस अलग अंदाज को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और यह पहल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।

सुनील यादव ने इस पहल की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की। उन्होंने लिखा, “जब देशहित की बात हो, तो पहल खुद से शुरू करनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि बढ़ती पेट्रोल-डीजल खपत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का प्रयास है। उन्होंने लोगों से ईंधन की बचत करने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य बनाने की अपील की।

सुनील यादव ने कहा कि छोटी-छोटी पहल ही बड़े बदलाव की शुरुआत होती है। उनका मानना है कि यदि लोग अनावश्यक वाहन उपयोग कम करें और वैकल्पिक उपाय अपनाएं तो इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा संकट से निपटने में भी मदद मिलेगी।

उनकी इस पहल को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया है।

और पढ़ें