संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जमशेदपुर के मानगो स्थित ओलिडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर-1 में रविवार देर रात खड़ी तीन बसों में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दो बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि तीसरी बस को समय रहते बचा लिया गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दो बसें पूरी तरह जल चुकी थीं, जबकि एक बस को आंशिक नुकसान पहुंचा।
आग की तेज लपटों की चपेट में बिजली के मुख्य केबल भी आ गए, जिससे आसपास के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रातभर स्थानीय लोगों को अंधेरे और गर्मी के बीच परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग किसी असामाजिक तत्व द्वारा लगाई गई हो सकती है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना के पीछे की वजह का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








