संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े दो बड़े नेताओं और कारोबारियों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। दिल्ली और गोवा में बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में AAP नेता दीपक सिंगला के घर और दफ्तर पर छापेमारी की गई।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने बैंक फ्रॉड और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को कब्जे में लिया है।
वहीं, दिल्ली के सुभाष नगर स्थित बाबाजी फाइनेंस ग्रुप से जुड़े कारोबारी राम सिंह के घर और कार्यालय पर भी ईडी ने छापा मारा। राम सिंह पर जनता को निवेश के नाम पर धोखा देने और करीब 180 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी करने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम जुटाई गई थी।
सूत्रों के अनुसार, ईडी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध लेन-देन के एंगल से भी जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान कई अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है।
हालांकि, आम आदमी पार्टी की ओर से इस कार्रवाई पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, ईडी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।








