संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
बिहार के सिवान जिले में एक बार फिर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस ने ज्वेलरी लूटकांड के एक आरोपी का एनकाउंटर किया, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, 6 मई को सिवान के जमापुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान सोमवार की भोर में पुलिस को आरोपी के ठिकाने की सूचना मिली, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक एनकाउंटर को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक घायल युवक ज्वेलरी लूटकांड में शामिल था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।








