लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक वैन को मारी टक्कर; 8 की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। बहराइच रोड स्थित ऊंच गांव के पास सवारियों से भरी एक मैजिक वैन को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही करीब आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मैजिक वैन में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें 8 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल थीं। सभी मजदूरी का काम करने के लिए लखीमपुर खीरी जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आकर मैजिक वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

और पढ़ें