जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने घर में घुसकर करीब 10 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में नाराजगी का माहौल है।
पीड़ित अंचल रस्तोगी ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपनी पत्नी को डॉक्टर के पास लेकर गए थे। कुछ देर बाद लौटने पर घर के बाहर लगा छोटा ताला खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो बैग से आलमारी की चाबी गायब थी और आलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर पता चला कि उसमें रखे लाखों रुपये के गहने चोरी हो चुके हैं।
अंचल रस्तोगी ने बताया कि वे केवल चार दिन पहले ही इस मकान में किराये पर रहने आए थे। ऐसे में इतनी जल्दी चोरी की घटना होने से परिवार पूरी तरह सदमे में है।
घटना की सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित परिवार ने भाजपा नेता विकास सिंह से संपर्क किया। सूचना मिलने पर विकास सिंह पीड़ित के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी से फोन पर बात कर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और जेवरात बरामद करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।








