झारखंड में वज्रपात और आंधी-बारिश का कहर, 7 लोगों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार खतरनाक बना हुआ है। तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की घटनाओं ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को खराब मौसम की वजह से राज्य में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई जगह पेड़ गिरने और मकानों को नुकसान पहुंचने की खबरें भी सामने आई हैं।

सबसे ज्यादा असर पलामू, लातेहार और गढ़वा जिलों में देखने को मिला। पलामू के नवाबाजार में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग झुलस गए। लातेहार के मनिका और बालूमाथ में भी वज्रपात से लोगों की जान गई। गढ़वा शहर में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि चार लोग घायल हो गए। वहीं विशुनपुर गांव में जर्जर मकान गिरने से 12 वर्षीय किशोर की दबकर मौत हो गई।

रांची के चान्हो इलाके में ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूर की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। लोहरदगा, हजारीबाग और जमशेदपुर में भी तेज आंधी और बारिश से कई हादसे हुए हैं। जमशेदपुर में कई जगह पेड़ गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

और पढ़ें