सोना-चांदी के आयात पर बढ़ी कस्टम ड्यूटी, आज से लागू हुई नई दरें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने सोने, चांदी समेत अन्य बहुमूल्य धातुओं के आयात पर कस्टम ड्यूटी बढ़ा दी है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नई दरें 13 मई से लागू हो गई हैं। सरकार ने सोने और चांदी के आयात पर 10 प्रतिशत बेसिक कस्टम ड्यूटी तथा 5 प्रतिशत एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगाया है। इसके बाद प्रभावी आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है।

सरकार के इस फैसले का असर घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि आयात शुल्क बढ़ने से आने वाले दिनों में आभूषणों और कीमती धातुओं की कीमतों में और वृद्धि हो सकती है।

इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए लोगों से एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। भारत, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोना उपभोक्ता देश है और अपनी जरूरत का अधिकांश सोना आयात करता है।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में भारत का सोना आयात रिकॉर्ड 71.98 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इससे पहले 2024-25 में यह 58 अरब डॉलर, 2023-24 में 45.54 अरब डॉलर और 2022-23 में करीब 35 अरब डॉलर था। लगातार बढ़ते आयात को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ी हुई कस्टम ड्यूटी का असर आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ ज्वेलरी कारोबार पर भी देखने को मिल सकता है।

और पढ़ें