रांची: झारखंड और बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। तेज हवाओं, बारिश और वज्रपात की घटनाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार को राजधानी रांची समेत कई इलाकों में तेज आंधी के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 18 मई तक बारिश, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि लगातार हो रही ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इसका असर फसलों और खेती-किसानी पर पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान विभाग ने झारखंड के 12 जिलों के लिए आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहेबगंज और गोड्डा जिले शामिल हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में झारखंड के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने तथा वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।








