लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार, उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक, समाजवादी पार्टी प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे।
बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते थे और राजनीति से दूरी बनाकर कारोबार एवं फिटनेस क्षेत्र से जुड़े हुए थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मौत के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
प्रतीक यादव के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं समर्थकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। यादव परिवार के आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों का पहुंचना लगातार जारी है।








