संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
भाजपा के वरिष्ठ नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Champai Soren ने दावा किया है कि झारखंड में जल्द बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब जाग चुकी है और वर्तमान सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है।
पश्चिम बंगाल में नव-निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से लौटने के दौरान चंपाई सोरेन सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं पप्पू वर्मा और राकेश वर्मा के आवास पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक ‘झाल मुड़ी’ कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ, जिसमें केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व पर चर्चा की गई।
मीडिया से बातचीत में चंपाई सोरेन ने आरोप लगाया कि चांडिल के कपाली क्षेत्र में कुछ स्थानों के नाम बदले जाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसे स्थानीय पहचान और जनसंख्या संतुलन के दृष्टिकोण से चिंताजनक बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति चल रही है, जिसे जनता अधिक समय तक स्वीकार नहीं करेगी। चंपाई सोरेन ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में जनता ने 15 साल पुरानी सरकार को जवाब दिया है और अब वहां विकास का नया दौर शुरू होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में लंबे समय तक विकास और रोजगार के मुद्दों की अनदेखी हुई। साथ ही कहा कि वहां उद्योग बंद होते रहे लेकिन सरकार ने गंभीर पहल नहीं की।
झारखंड की स्थिति पर बोलते हुए चंपाई सोरेन ने कहा कि राज्य में डेमोग्राफी तेजी से बदल रही है। उन्होंने कपाली क्षेत्र और बोकारो की कुछ जमीनों से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और विकास, सुशासन तथा कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में झारखंड की राजनीति में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा।








