संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
झारखंड में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में 13 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 8 मई को राज्य के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं 9 और 10 मई को मौसम और अधिक खराब रहने की संभावना है। रांची, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा और गुमला समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने, बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हाल के दिनों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
रांची में गुरुवार को तेज धूप के बाद कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में 14 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 35.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कांके का न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है।








