तीनपहाड़ में रिटायर्ड शिक्षक का संदिग्ध हालात में शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


तीनपहाड़। तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के जोंका गांव स्थित छरका टोला में एक रिटायर्ड शिक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान निर्भय कुमार राय उर्फ बाबूल (उम्र लगभग 67 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की जानकारी शनिवार दोपहर उस समय हुई, जब लोग उनके घर पहुंचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्भय कुमार राय अपने घर में अकेले रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत बीते  रात किसी समय हुई। शनिवार को घर में काम करने वाली महिला और चंदा मांगने आई कुछ महिलाओं ने जब घर के अंदर प्रवेश किया, तो बेडरूम के बाहर दालान के पास में उनका शव पड़ा हुआ मिला। इसके बाद मामले की सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, उनका एक पुत्र चंद्रशेखर राय झारखंड पुलिस में कार्यरत है, जबकि उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि निर्भय कुमार राय स्वभाव से शांत और मिलनसार व्यक्ति थे। उन्हें साइकिल चलाने का शौक था और वे अक्सर तीनपहाड़ से पाकुड़ आना-जाना करते थे। स्थानीय आदिवासी समुदाय के साथ भी उनके अच्छे संबंध बताए जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक का गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था। वे नियमित रूप से दूध मंगवाते थे और घर की साफ-सफाई के लिए एक आदिवासी महिला कार्य पर आती थी। घटना को लेकर गांव में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय, राजमहल प्रभाग इंस्पेक्टर राजीव रंजन सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें