मेहरमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8.94 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



मेहरमा /गोड्डा । गोड्डा जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेहरमा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मेहरमा थाना क्षेत्र के अमजोरा पिरोजपुर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने 8.940 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस  के अनुसार, सोमवार सुबह पुलिस अधीक्षक गोड्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि अमजोरा पिरोजपुर निवासी कमल कुमार उर्फ कोको साह एवं राजेश कुमार अपने घर से अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने मेहरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमजोरा पिरोजपुर में दोनों आरोपियों के घर पर छापा मारा, जहां से 8.940 किलोग्राम गांजा के अलावा तस्करी में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। मौके से दोनों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कमल कुमार उर्फ कोको साह (27 वर्ष) एवं राजेश कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम अमजोरा पिरोजपुर, थाना मेहरमा, जिला गोड्डा के निवासी हैं और स्वर्गीय नंदकिशोर साह के पुत्र बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2020 में मेहरमा थाना कांड संख्या 64/2020 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में इनके खिलाफ मामला दर्ज रह चुका है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8.940 किलोग्राम गांजा के अलावा मोटरोला कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार नापतौल मशीन, एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल, काले प्लास्टिक पन्नी, परफेक्ट कंपनी के डब्बाबंद एवं खुले रोल, एक भूरा और एक सफेद रंग का सेलो टेप जब्त किया है।

इस कार्रवाई में मेहरमा थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक सत्यदीप, पुलिस अवर निरीक्षक ब्रह्मा सिंह, सहायक अवर निरीक्षक सहदेव प्रसाद तथा मेहरमा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इस तरह के अवैध धंधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें