झारखंड में दो ट्रेनों पर पथराव, वंदेभारत और टाटा-कुर्ला एक्सप्रेस बनीं निशाना

रांची। रेल यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार को झारखंड में दो ट्रेनों पर अज्ञात लोगों ने पथराव किया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

पहली घटना :
टाटानगर-बरहमपुर वंदेभारत एक्सप्रेस जैसे ही चाईबासा स्टेशन के पास पहुंची, कुछ लोगों ने ट्रेन पर पत्थर बरसाए। इस दौरान E-1 बोगी की खिड़की का शीशा टूट गया। मामले की जांच चाईबासा आरपीएफ कर रही है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।

दूसरी घटना :
गालूडीह और आसनबनी रेलखंड (खड़गपुर डिवीजन) के बीच टाटा-कुर्ला एक्सप्रेस पर भी पथराव हुआ। इसमें B-4 कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। गनीमत रही कि कोई यात्री घायल नहीं हुआ। सूचना मिलने पर घाटशिला आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे प्रशासन ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है और दोषियों को पकड़ने के लिए विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है।

Leave a Comment