गुप्त सूचना पर जामकनाली गांव के समीप देर रात छापेमारी, भारतीय वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
संथाल हूल एक्सप्रेस | अमड़ापाड़ा, पाकुड़।
पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सात बोटा सागवान की लकड़ी और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। वन प्रमंडल पदाधिकारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की विशेष टीम ने 12 अक्टूबर की देर रात करीब एक बजे जामकनाली गांव के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के बाद अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर गठित की गई विशेष टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन प्रमंडल पदाधिकारी, पाकुड़ को क्षेत्र में अवैध रूप से सागवान की लकड़ी का परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन क्षेत्र पदाधिकारी बबलू कुमार देहरी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने 12 अक्टूबर की देर रात जामकनाली गांव के समीप घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से परिवहन की जा रही सागवान की सात बोटा लकड़ी और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।
भारतीय वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी
वन विभाग ने जब्त लकड़ी और मोटरसाइकिलों के मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग की ओर से अवैध लकड़ी कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

अवैध कटाई और तस्करी पर सख्ती की चेतावनी
वन क्षेत्र पदाधिकारी बबलू कुमार देहरी ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा और अवैध लकड़ी के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विभाग सतर्क है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जंगलों में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करने और लकड़ी की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वन क्षेत्रों में निगरानी और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में प्रधान वनरक्षी सुनील कुमार साहा, अनुपम कुमार यादव सहित गृहरक्षक और अन्य वनकर्मी शामिल थे। वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध लकड़ी के परिवहन पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









