संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच को लेकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। मैच के दौरान भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था तय की है।
ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, 9 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का रांची शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाने की व्यवस्था की गई है।
शालीमार चौक से नॉर्थ गेट तक सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद
मैच के दिन शालीमार चौक से जेएससीए स्टेडियम के नॉर्थ गेट तक सामान्य वाहनों का परिचालन नहीं होगा। इस मार्ग पर केवल एंबुलेंस को आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।
इसके अलावा सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मेकन चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के बीच मालवाहक और सवारी वाहनों की आवाजाही पर मैच समाप्त होने तक रोक रहेगी।
टिकट के अनुसार तय किए गए पार्किंग रूट
मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए टिकट के अनुसार अलग-अलग पार्किंग और पैदल स्टेडियम पहुंचने के मार्ग तय किए गए हैं।
साउथ और साउथ-ईस्ट गेट के टिकट वाले दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम, मियां मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान की पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकेंगे। वहां से दर्शकों को पैदल स्टेडियम जाना होगा। पार्किंग भर जाने की स्थिति में डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थॉमस स्कूल में वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
वेस्ट गेट के दर्शकों के लिए यह रहेगा रूट
वेस्ट गेट के टिकट वाले दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड या सैंबो कैंप मोड़ होते हुए सखुआ मैदान पार्किंग पहुंच सकेंगे। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर सरस्वती विद्या मंदिर की पार्किंग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
वहीं, नयासराय रिंग रोड की ओर से आने वाले दर्शक हाईकोर्ट के सामने स्थित हेलिपैड मैदान में वाहन पार्क कर सकते हैं। यहां से पैदल तिरिल मोड़ और जेएससीए नॉर्थ गेट के रास्ते स्टेडियम पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
VIP-VVIP वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
VIP और VVIP पासधारी वाहनों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस हॉस्पिटल की ओर से होते हुए क्रिकेट स्टेडियम के नॉर्थ गेट के बगल स्थित VIP-VVIP प्रवेश मार्ग से पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश कर सकेंगे।
सामान्य वाहनों के लिए कई पार्किंग स्थल चिन्हित
मैच के दिन सामान्य दर्शकों के लिए सखुआ बागान के पास, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, जवाहर स्टेडियम, मियां मार्केट तीन मुहाना, संत थॉमस स्कूल के पास, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलिपैड मैदान को पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस ने मैच देखने आने वाले दर्शकों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि मैच के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।









