रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का बुधवार देर शाम रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और पिछले कई दिनों से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद सोरेन परिवार, झारखंड मुक्ति मोर्चा और समर्थकों में शोक की लहर है।
रूपी सोरेन को 18 सितंबर को सांस लेने में तकलीफ के बाद हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत और बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा था। अस्पताल की ओर से बताया गया था कि वह कई चिकित्सकीय जटिलताओं से जूझ रही थीं और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी।
बुधवार को तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अस्पताल पहुंचे। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में मौजूद रहे और चिकित्सकों से लगातार स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री के कई कार्यक्रम रद्द कर दिए गए, जबकि बुधवार शाम प्रस्तावित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक भी स्थगित कर दी गई।
बुधवार शाम तक चिकित्सकों की ओर से उनकी हालत बेहद गंभीर बताए जाने के बाद देर शाम उनके निधन की खबर सामने आई। इसके बाद दुमका समेत झारखंड के विभिन्न इलाकों में शोक की खबर फैल गई। रूपी सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के संस्थापक दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी थीं। वर्ष 1999 में उन्होंने दुमका लोकसभा सीट से झामुमो के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था।
रूपी सोरेन के निधन पर संथाल हूल एक्सप्रेस परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल दें।










