सर्कस देखकर लौट रहे 3 युवकों को अर्टिगा ने मारी टक्कर, हादसे में तीनों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

सरायकेला-खरसावां। नीमडीह थाना क्षेत्र के तीन युवकों की सोमवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों युवक पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला में पनामा सर्कस देखने गए थे। सर्कस देखने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर मालती चेकपोस्ट के समीप हादसा हो गया।

तेज रफ्तार अर्टिगा ने बाइक को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सपन गोप गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में इलाज के दौरान तीसरे युवक की भी मौत

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल सपन गोप को तत्काल पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

इस हादसे में जुगिलांग गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसा चांडिल-पुरुलिया एनएच-32 से जुड़े पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर हुआ। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें