मोहनपुर में अधेड़ की गला रेतकर हत्या का खुलासा, चचेरा भाई गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी घटना की जानकारी



साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास एनएच सड़क पर 4 अक्टूबर की सुबह हुई गौरचन्द्र बागती की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई बहादुर बागती (44) को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी सोमवार को राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की सुबह करीब 4:45 बजे राधानगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहनपुर चौक के पास मोहनपुर निवासी गौरचन्द्र बागती की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज के निर्देश पर एसडीपीओ राजमहल विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।




पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक के चचेरे भाई बहादुर बागती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, कड़ाई से पूछताछ में बहादुर बागती ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने पुलिस को बताया कि आपसी रंजिश के कारण उसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और घटनास्थल से चप्पल भी बरामद की है। इस संबंध में राधानगर थाना कांड संख्या 353/26, दिनांक 04.10.2026, धारा 103(1) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, गंगा नदी थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह, राधानगर थाना के संग्राम सिंह सोय सहित पुलिस बल शामिल रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें