रांची में कोढ़ा गैंग के तीन अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस से मुठभेड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



रांची। संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

रांची शहर में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं के खिलाफ रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुख्यात कोढ़ा गैंग के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों ने रांची जिले में करीब एक दर्जन चेन छिनतई समेत अन्य आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनके खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में आर्म्स एक्ट, लूट और छिनतई समेत 40 से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले दिनों रांची शहर में चेन छिनतई की कई घटनाएं सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची ने सभी संबंधित कांडों की समीक्षा की थी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर चेन छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने और इसमें शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर आवश्यक निर्देश दिए थे। 3 अक्टूबर को बरियातू थाना और मेसरा ओपी क्षेत्र में भी चेन छिनतई की घटनाएं हुई थीं।



इसके बाद पुलिस ने चेन छिनतई की घटनाओं में शामिल कोढ़ा गैंग के तीन अपराधियों की लगातार निगरानी शुरू की। 4 अक्टूबर को पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रांची जिले में करीब एक दर्जन कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, कई घटनाओं में लोगों को डराने और भयादोहन के लिए हथियारों का इस्तेमाल करने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की है।



पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि रिंग रोड के पास चुट्टू गांव के आसपास हथियार छिपाकर रखे गए हैं। इसके बाद रांची पुलिस की टीम तीनों अपराधियों को लेकर हथियार बरामद करने के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान गिरफ्तार अपराधियों में शामिल आकाश यादव उर्फ रंगीला ने बरियातू थाना के हवलदार रविन्द्र कुमार से पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इसके बाद बरियातू थाना प्रभारी ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। पुलिस की गोली आकाश यादव उर्फ रंगीला के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है। वहीं, भागने का प्रयास कर रहे उसके दो अन्य साथियों को पुलिस टीम ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।



पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर हथियार भी बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और चेन छिनतई की घटनाओं में छीनी गई पांच सोने की चेन बरामद की गई हैं। बरामद पांच चेन में चार पूरी चेन और एक आधी चेन शामिल है। पुलिस के अनुसार, तीनों अपराधी कुख्यात कोढ़ा गैंग से जुड़े हैं। इनके खिलाफ बिहार और झारखंड के अलग-अलग जिलों में आर्म्स एक्ट, लूट और छिनतई समेत 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। रांची के अलावा हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद में भी इनके द्वारा चेन छिनतई की घटनाएं किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बरामद सामान:

– होंडा बाइक – 01
– पल्सर बाइक – 01
– देशी कट्टा – 01
– कारतूस – 01
– सोने की छीनी गई चेन – 05, जिसमें एक आधी चेन शामिल है रांची पुलिस अब बरामद चेन से जुड़े मामलों की पहचान करने के साथ आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर चेन छिनतई की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें