संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जमशेदपुर: जितिया पर्व के दौरान शनिवार शाम सुवर्णरेखा नदी में डूबी मानगो के समता नगर निवासी 14 वर्षीय पूनम कुमारी का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। स्थानीय गोताखोरों ने करीब 9:30 बजे नदी से शव को बाहर निकाला। शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, गांधी घाट पर चीख-पुकार मच गई।
बेटी का शव देखते ही मां रेखा कुमारी बदहवास हो गईं। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला। वहीं, पिता संतोष ठाकुर का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बड़ी बहन के साथ नदी में स्नान करने गई थी पूनम
शनिवार शाम जितिया पर्व के अवसर पर पूनम अपनी बड़ी बहन ज्योति कुमारी के साथ गांधी घाट के पास सुवर्णरेखा नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान दोनों नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगीं।
दोनों बेटियों को डूबता देख मां ने शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत नदी में उतरकर बचाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से ज्योति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पूनम तेज बहाव के कारण गहरे पानी में चली गई।
अंधेरा होने के बाद रोकना पड़ा तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों ने शनिवार शाम तक नदी में पूनम की तलाश की। लेकिन अंधेरा बढ़ने और नदी के तेज बहाव के कारण देर शाम तलाशी अभियान रोकना पड़ा।
इसके बाद परिजनों और बस्ती के लोगों ने एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग को लेकर मानगो पुल पर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
रविवार सुबह नदी से मिला शव
रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों ने दोबारा नदी में तलाश शुरू की। करीब 9:30 बजे गोताखोरों को सफलता मिली और पूनम का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। मृतका के पिता संतोष ठाकुर ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते प्रशासन की ओर से प्रभावी बचाव अभियान शुरू कराया जाता, तो शायद उनकी बेटी की जान बच सकती थी।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने परिवार से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता सुवर्णरेखा घाट पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने नदी में उतरकर बच्ची की तलाश करने वाले स्थानीय गोताखोरों को भी आर्थिक सहयोग दिया। बन्ना गुप्ता ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत बच्ची के प्रति संवेदना जताते हुए परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।









