जामताड़ा में 12 वर्षीय बच्चा लापता, दुर्गा पूजा पंडाल देखने निकला था घर से

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

जामताड़ा: जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के बाबूडीह गांव से 12 वर्षीय बच्चे के लापता होने का मामला सामने आया है। बाबूडीह निवासी रंजीत तुरी का पुत्र सुभाष कुमार तुरी 28 सितंबर की शाम घर से निकलने के बाद से लापता है। कई दिनों से बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण परिजन परेशान हैं और गांव में भी चिंता का माहौल है।

दुर्गा पूजा पंडाल देखने निकला था बच्चा

परिजनों के अनुसार, सुभाष कुमार तुरी 28 सितंबर की शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह गांव में लगे दुर्गा पूजा पंडाल को देखने जा रहा है। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर बच्चे की काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

3 अक्टूबर को थाने में दी गई सूचना

लगातार तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजन 3 अक्टूबर की शाम कर्माटांड़ थाना पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए गुमशुदगी का आवेदन सौंपा। परिजनों ने पुलिस से बच्चे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।

सुभाष उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, बाबूडीह में कक्षा 3 का छात्र है।

पुलिस ने गठित की विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्माटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे ने बताया कि परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली गई है और बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बच्चे की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया है।

पुलिस टीम तकनीकी सहायता और सर्विलांस के माध्यम से बच्चे का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर भी लोगों से बच्चे की तलाश में सहयोग करने की अपील की जा रही है।

परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सुभाष के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल उसके परिवार या पुलिस को सूचना दें।

Leave a Comment

और पढ़ें