संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: राजधानी रांची के कई इलाकों में रविवार को बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। बिजली विभाग की ओर से अलग-अलग विद्युत शक्ति केंद्रों और फीडरों में मेंटेनेंस, पेड़ों की डालियों की छंटाई, एलटी लाइन को कवर्ड केबल में बदलने और 33 केवी लाइन की शिफ्टिंग जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके चलते अपर बाजार, तुपुदाना, टाटीसिलवे, डोरंडा, चुटिया, नामकुम, कोकर, मोरहाबादी और हरमू के कई इलाकों में निर्धारित समय तक बिजली बंद रहेगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती के समय को ध्यान में रखते हुए जरूरी काम पहले ही निपटा लें।
अपर बाजार में सुबह 8 से 9:30 बजे तक कटौती
11 केवी सर्किट हाउस फीडर में फीडर मेंटेनेंस और पेड़ों की डालियों की छंटाई की जाएगी। इसके कारण सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक आई हाउस, नेडियम रोड, सर्कुलर रोड, कचहरी रोड, डिप्टी पाड़ा और लाइन टैंक रोड समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली प्रभावित रहेगी।
तुपुदाना में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बिजली बंद
तुपुदाना विद्युत शक्ति उपकेंद्र के औद्योगिक क्षेत्र में पेड़ों की डालियों की कटाई और फॉर्च्यून इंडस्ट्री के पास मरम्मत कार्य होगा। इसके चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक 11 केवी कार्टून फीडर, पुराना एन्सिलरी, नया एन्सिलरी और बैंक फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
टाटीसिलवे-डोरंडा में दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक असर
दुर्गा सोरेन चौक के पास सड़क चौड़ीकरण के लिए 33 केवी लाइन की शिफ्टिंग की जाएगी। इस कारण दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक टाटीसिलवे और डोरंडा के कई इलाकों में बिजली बंद रह सकती है।
प्रभावित क्षेत्रों में घाघरा, कुसई, डोरंडा बाजार, अनंतपुर, निवारणपुर, मजिस्ट्रेट कॉलोनी, हिनू, चाय बागान, जेयूटी, जैक, काली नगर, लॉ कॉलेज, बंदगांव, रामपुर, सरबल, लाली, विकास नगर, कोचा टोली, तुम्बा घुटु, पलांडू, सिदरोल, गड़के और जामुन टोली समेत आसपास के इलाके शामिल हैं।
चुटिया-नामकुम-कोकर में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कटौती
चुटिया क्षेत्र में एलटी तार को कवर्ड केबल में बदलने का काम किया जाएगा। इसके कारण सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चुटिया कृष्णापुरी रोड नंबर-5बी, बाणेश्वर नगर, गायत्री सोसाइटी, आंगन पैलेस और बहुबाजार चौक में बिजली प्रभावित रहेगी।
इसके अलावा नामकुम के शिव बिहार कॉलोनी और नामकुम बस्ती तथा कोकर के मूर्ति गली और डॉन बॉस्को स्कूल के पास मिशन कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
मोरहाबादी में सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे तक बिजली बंद
मोरहाबादी विद्युत शक्ति केंद्र से जुड़े इलाकों में मेंटेनेंस कार्य के कारण सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इस दौरान पार्क प्राइम होटल, मोरहाबादी सब्जी मार्केट, जतरा टांड, जुडियो मॉल, साइड गली, दुर्गा पंडाल, बोड्या रोड, मोरहाबादी, बैंक कॉलोनी और मस्जिद गली समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी।
कोकर शहरी क्षेत्र में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कटौती
विद्युत शक्ति केंद्र कोकर के अंतर्गत भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इस दौरान गुड़िया पेट्रोल पंप से नया टोली और आसपास के इलाकों में बिजली बंद रहेगी।
हरमू-न्यू हरमू में दोपहर 12 से 2 बजे तक बिजली बंद
11 केवी न्यू हरमू फीडर के तहत पेड़ों की डालियों की छंटाई का काम किया जाएगा। इसके कारण दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक पटेल चौक, हरमू, अरगोड़ा थाना क्षेत्र, बसंत बिहार और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से मांगा सहयोग
बिजली विभाग के अनुसार, सभी कार्य विद्युत व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। निर्धारित समय के दौरान संबंधित इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। हालांकि, कार्य की स्थिति के अनुसार बिजली कटौती की अवधि में बदलाव संभव है। विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।









