जमीन पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत का समाधान नहीं होने से नाराज, एक सप्ताह से परिवार के साथ डीसी कार्यालय के सामने धरना
गिरिडीह: जिले के गावां प्रखंड निवासी कुलदीप तुरी ने जमीन से जुड़े विवाद का समाधान नहीं होने के विरोध में अनोखे तरीके से अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रशासन से लगातार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कुलदीप ने अपने आधे बाल और आधी मूंछ हटा ली। उन्होंने गिरिडीह डीसी कार्यालय के सामने यह विरोध दर्ज कराया।
कुलदीप का कहना है कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया है। इस मामले को लेकर उन्होंने स्थानीय थाना से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और डीसी कार्यालय तक कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
उनका कहना है कि व्यवस्था के दरवाजे पर बार-बार दस्तक देने के बावजूद जब उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई, तो प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकर्षित करने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया।
एक सप्ताह से परिवार के साथ धरने पर
कुलदीप पिछले करीब एक सप्ताह से अपने पूरे परिवार के साथ गिरिडीह डीसी कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि परिवार के साथ खुले आसमान के नीचे धरना देने के बावजूद उनकी शिकायत पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कुलदीप ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जमीन विवाद का निष्पक्ष समाधान कराने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब लगातार शिकायतों के बाद भी उनकी समस्या नहीं सुनी जा रही है, तो वह अपनी फरियाद किसके सामने रखें।
फिलहाल कुलदीप प्रशासन से अपनी जमीन से जुड़े मामले की जांच कराकर समाधान और न्याय की मांग कर रहे हैं।








