छठियारी कार्यक्रम में गए युवक का कुएं में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या कर शव फेंकने का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जामताड़ा के मंडरो गांव की घटना, पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के मंडरो गांव में मंगलवार देर रात एक युवक का शव कुएं से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय संतोष भंडारी के रूप में हुई है। वह गम्हरियाटांड़ गांव का रहने वाला था और हजामत का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, संतोष मंगलवार को मंडरो गांव निवासी महादेव तुरी के घर आयोजित छठियारी कार्यक्रम में हजामत बनाने के लिए गया था। परिजनों का कहना है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम में उसे दोबारा खाना खाने के बहाने घर से बुलाकर ले जाया गया। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।

कुएं में मिला शव

मंगलवार रात करीब आठ बजे संतोष के कुएं में गिरने की आशंका के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। कुछ देर बाद कुएं से उसका शव बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

संतोष के परिजनों ने महादेव तुरी और उसके परिवार पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महादेव तुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज की जांच की मांग

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुएं के पास लगे CCTV कैमरे की फुटेज से घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकता है। बताया जा रहा है कि CCTV कैमरा महादेव तुरी के घर पर लगा है।

बुधवार सुबह पुलिस ने परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस पूरे मामले में CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने संतोष भंडारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज की जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, मृतक के परिजन निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें