हथियार के बल पर रुपये और मोबाइल छीनने की सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच; व्यापारी और कर्मी की पहचान भी सार्वजनिक नहीं
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता, जितेंद्र सेन जिछु
तीनपहाड़ । थाना क्षेत्र के निमगाछी गांव के समीप शामपुर और डांगाटोक के बीच एक सीमेंट व्यापारी के कर्मी से कथित तौर पर हथियार के बल पर दो लाख रुपये और मोबाइल छिनतई किए जाने की सूचना सामने आई है। हालांकि, अब तक इस संबंध में थाना में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन नहीं मिलने और घटना से जुड़े कई तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं होने के कारण पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरहेट थाना क्षेत्र के एक सीमेंट व्यापारी का कर्मी राजमहल थाना क्षेत्र के फूलबढ़िया स्थित एक सीमेंट व्यापारी से बकाया राशि का तगादा कर बाइक से बरहेट लौट रहा था। कथित तौर पर शामपुर और डांगाटोक के बीच अपाची बाइक पर सवार चार अज्ञात लोगों ने उसकी बाइक रोककर हथियार का भय दिखाया और बाइक की डिक्की में रखे करीब दो लाख रुपये तथा मोबाइल लेकर फरार हो गए। बताया गया कि घटना के बाद संबंधित कर्मी निमगाछी पहुंचा और एक राहगीर के मोबाइल से अपने मालिक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद घटना की सूचना तीनपहाड़ थाना पुलिस को मिलने की बात सामने आई। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी गौरव भगत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और घटनाक्रम की जांच
पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही कथित घटना के समय कर्मी की गतिविधि, उसके आने-जाने के रास्ते, रुपये से संबंधित जानकारी तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने व्यापारी और कर्मी से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की
मामले में अभी तक संबंधित सीमेंट व्यापारी का नाम, कथित पीड़ित कर्मी की पहचान और उसके पास मौजूद बताई जा रही दो लाख रुपये की राशि से संबंधित कोई विस्तृत जानकारी पुलिस की ओर से सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं, पीड़ित की ओर से भी अब तक लिखित आवेदन नहीं दिए जाने की बात थाना प्रभारी ने कही है। ऐसे में फिलहाल पुलिस के सामने घटना की सूचना और कथित छिनतई का दावा है। जांच पूरी होने और संबंधित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
9 दिसंबर 2024 को भी सामने आया था दो लाख की छिनतई का मामला
गौरतलब है कि 9 दिसंबर 2024 को भी तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में दो लाख रुपये की कथित छिनतई का मामला सामने आया था। उस समय तीनपहाड़ थाना प्रभारी मोहम्मद शाहरुख खान थे। पुलिस जांच के बाद वह मामला फर्जी निकला था और पुलिस ने कथित छिनतई की कहानी का खुलासा किया था। 10 दिसंबर 2024 को संथाल हूल एक्सप्रेस में प्रकाशित उस मामले की पेपर कटिंग भी वर्तमान खबर के साथ संदर्भ के तौर पर दी जा रही है। पुराने मामले में पुलिस की जांच के बाद सामने आए तथ्यों के कारण वर्तमान घटना में भी पुलिस की जांच और अब तक आवेदन नहीं मिलने के पहलू पर लोगों की नजर बनी हुई है।

हालांकि, पुराने मामले के आधार पर वर्तमान घटना को फर्जी नहीं माना जा सकता। वर्तमान मामले की वास्तविकता पुलिस जांच, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर ही स्पष्ट होगी। थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि पीड़ित की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।










