सरायकेला में LPG सिलेंडरों से लदा वाहन बीच सड़क पर पलटा, मची अफरा-तफरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

सरायकेला-खरसावां। जिले के गम्हरिया टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को रापचा के समीप एलपीजी सिलेंडरों से लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। वाहन में 50 से अधिक सिलेंडर लदे होने की वजह से हादसे के बाद आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, एलपीजी सिलेंडरों से लदा वाहन रांची से गम्हरिया स्थित एचपी गैस गोदाम की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार तेज थी। रापचा के पास मुख्य सड़क के किनारे मौजूद गड्ढे की चपेट में आने के बाद चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन सड़क पर पलट गया।

वाहन के पलटते ही उसमें लदे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। सिलेंडरों की संख्या अधिक होने के कारण कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बिखरे सिलेंडरों को दूसरे वाहन में कराया गया शिफ्ट

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर बिखरे सिलेंडरों को सावधानीपूर्वक एकत्र कर सुरक्षित तरीके से दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया गया। इसके बाद सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की कार्रवाई की गई।

गम्हरिया थाना के एएसआई विशु उरांव ने बताया कि वाहन पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सभी सिलेंडरों को सुरक्षित दूसरे वाहन में शिफ्ट करा दिया गया। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

खाली थे सिलेंडर, लोगों ने ली राहत की सांस

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन में लदे सिलेंडरों में गैस नहीं थी। इसकी जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा वाहन की तेज रफ्तार और सड़क किनारे मौजूद गड्ढे के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें