संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जांच के लिए 7 सितंबर को भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से इस संबंध में भवन निर्माण विभाग और रिम्स प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
विभाग के अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह की ओर से जारी पत्र के अनुसार, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) अजय कुमार सिंह 7 सितंबर को रिम्स परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
मौके पर मौजूद रहेंगे संबंधित अधिकारी
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों और रिम्स प्रबंधन के अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण में निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और कार्य की प्रगति का जायजा लिया जाएगा।
विभाग की ओर से निरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी भवन निर्माण विभाग के सचिव, मुख्य अभियंता, भवन प्रमंडल-1 रांची तथा मुख्य अभियंता, भवन निर्माण निगम लिमिटेड को भी दी गई है।
रिम्स में लगातार चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के बीच एसीएस के इस निरीक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन पर विशेष नजर रहने की संभावना है।








