रांची पुलिस के टाइगर मोबाइल जवानों ने किया फायरिंग अभ्यास, ऑपरेशनल दक्षता बढ़ाने पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची। रांची पुलिस के टाइगर मोबाइल जवानों की कार्यक्षमता और ऑपरेशनल दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को फायरिंग अभ्यास कराया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन के निर्देश के अनुपालन में यह अभ्यास जैप-1 ग्राउंड, बरियातू में आयोजित किया गया।

अभ्यास में टाइगर मोबाइल में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ-साथ रांची जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और संबंधित पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान छोटे हथियारों से फायरिंग का अभ्यास कराया गया।

सुरक्षित हथियार संचालन और सटीक निशाने पर जोर

फायरिंग अभ्यास के दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए हथियारों के सुरक्षित और प्रभावी संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाने तथा आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने का अभ्यास कराया गया।

चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने की तैयारी

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की फायरिंग दक्षता, हथियार संचालन क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और ऑपरेशनल तत्परता को बेहतर करना है। इससे कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़ी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस बल को प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रांची पुलिस द्वारा पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के निरंतर प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास के माध्यम से पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ जन-सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के प्रति पुलिस की तत्परता एवं प्रभावशीलता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें