स्वास्थ्य योजनाओं में लंबित भुगतान को जल्द रिलीज करें: डीसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



जिला स्वास्थ्य समिति, डीटीएफ एवं जिला आयुष्मान भारत की समीक्षा बैठक



साहिबगंज। समाहरणालय सभागार में डीसी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति, डीटीएफ एवं जिला आयुष्मान भारत की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, निर्माण कार्यों, लंबित भुगतान, स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में पीएम-एबीएचआईएम के तहत लंबित भुगतान का मामला सामने आया। बताया गया कि भुगतान जिला परिषद से किया जाना है। इस पर उपायुक्त ने डीडीसी और सिविल सर्जन को मामले का निष्पादन करते हुए एक सप्ताह के भीतर भुगतान करने का निर्देश दिया। तालझारी प्रखंड में भवन निर्माण कार्य से संबंधित भुगतान होने की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने संबंधित संवेदक को 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अभियंता को संवेदक को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करने को कहा गया।

एम्बुलेंस के बिल की एमवीआई से होगी जांच

बैठक में एम्बुलेंस मरम्मत से संबंधित प्राप्त विपत्रों की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने संबंधित विपत्रों की एमवीआई से जांच कराने और जांच प्रतिवेदन के साथ स्पष्ट मंतव्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जिन सीएचसी में पेयजल की कमी है, वहां आवश्यक व्यवस्था कराने को लेकर भी निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने संबंधित प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारियों को पीएचईडी के सहायक अभियंता से आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। मंडरो पीएचसी में एनटीपीसी की ओर से उपलब्ध कराए गए एम्बुलेंस के संचालन के लिए वाहन चालक एवं उनके मानदेय की राशि उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, नियुक्ति पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ पूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

छह माह से लंबित आयुष्मान मित्रों के मानदेय पर जताई नाराजगी

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान पिछले छह माह से लंबित आयुष्मान मित्रों के मानदेय भुगतान का मामला सामने आया। उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करने का निर्देश दिया ताकि आयुष्मान मित्रों को परेशानी न हो। वहीं सदर अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस के स्थानांतरण पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को स्पेशल डिवीजन से प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक प्राक्कलन तैयार करने और प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी सतीश चंद्रा, सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान, सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें