संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
गढ़वा: गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के लमारी कला गांव के चतरी टोला में मकई के खेत से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चतरी टोला निवासी भंगी रजवार के 21 वर्षीय पुत्र अंकज कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
गुरुवार रात से लापता था अंकज
परिजनों के अनुसार, अंकज गुरुवार रात करीब 8:30 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार दोपहर बाद परिजनों ने कांडी थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी उसकी तलाश की। मोबाइल की लोकेशन घर के आसपास ही मिल रही थी, लेकिन फोन स्विच ऑफ होने के कारण पुलिस को तत्काल कोई सुराग नहीं मिल सका।
घर से महज 100 मीटर दूर मिला शव
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। इसी दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर मकई के खेत में अंकज का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
शरीर पर मिले चोट के निशान
शव की स्थिति और शरीर पर कई जगह मिले चोट के निशानों के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। ग्रामीणों ने घटना की गहराई से जांच के लिए मौके पर खोजी कुत्ता बुलाने की मांग की।
थाना प्रभारी ने बताया कि खोजी कुत्ता मंगाया गया है, हालांकि शाम करीब सात बजे तक वह घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
अंकज की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन, घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों, खोजी कुत्ते की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।









