संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित माही रेस्टोरेंट के संचालक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम नहीं देने पर रेस्टोरेंट संचालक और उनके परिवार को जान से मारने तथा रेस्टोरेंट में आग लगाने की धमकी दी गई। मामले को लेकर कांके के झिरगा टोली निवासी रेस्टोरेंट संचालक दिनेश कुमार मिश्रा ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी में पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल, अनूप गर्ग और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। दिनेश मिश्रा के अनुसार, 19 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे वह रेस्टोरेंट में बैठे थे। इसी दौरान रवि प्रकाश जायसवाल एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा। दोनों ने बताया कि उन्हें अनूप गर्ग ने भेजा है।
केस वापस लेने का दबाव, सात दिन में रकम देने की धमकी
दिनेश मिश्रा का आरोप है कि आरोपियों ने उनके बड़े भाई संजय मिश्रा द्वारा अनूप गर्ग के खिलाफ रांची जिला न्यायालय और दिल्ली हाईकोर्ट में दायर क्वैशिंग याचिका को वापस लेने का दबाव बनाया। इसके बाद उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।
आरोप के मुताबिक, सात दिनों के भीतर रकम नहीं देने पर दिनेश मिश्रा और उनके परिवार को जान से मारने तथा रेस्टोरेंट में आग लगाने की धमकी दी गई। दिनेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
रवि प्रकाश जायसवाल ने भी दर्ज कराई प्राथमिकी
इधर, पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल ने भी दिनेश मिश्रा और अरविंद मिश्रा के खिलाफ अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रवि प्रकाश का आरोप है कि दोनों ने समझौते के लिए उन्हें केएफसी के पास स्थित अपनी दुकान पर बुलाया था।
रवि प्रकाश के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद दोनों ने दर्ज मामले में समझौता करने का दबाव बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।
दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









