गोड्डा | संवाददाता : शिवम् गोस्वामी
गोड्डा। जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी बैठक की। बैठक में जिले के दोनों अनुमंडलों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने जिले में चल रहे पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश दिए।
बैठक में वाहन दुर्घटना, वाहन चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए थाना प्रभारियों को अलग-अलग स्थानों पर समय-समय पर वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। अवैध शराब, कोरेक्स, गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर संबंधित ठिकानों पर छापेमारी एवं विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया।
एसपी ने मोटरसाइकिल चोरी गिरोह पर विशेष निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। चोरी और गृहभेदन से जुड़े मामलों में विशेष रुचि लेकर कांडों का उद्भेदन करने और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की थाना स्तर पर नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी के निर्देश

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने तथा थानों से संबंधित आंकड़ों की सीसीटीएनएस में समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लंबित वारंट एवं कुर्की का निष्पादन करने के साथ फरार, जमानतीय एवं गैर-जमानतीय वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया।
अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के लिए खनन विभाग एवं अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया। पुलिस निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करते हुए उनके निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया।
महिला अपराध पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश
बैठक में पुलिस मुख्यालय, पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय एवं अन्य कार्यालयों से प्राप्त पत्रों, लंबित चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन तथा पुलिस हेल्पलाइन से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय में निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया।
संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए आपराधिक छवि वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने और आवश्यकतानुसार सर्विलांस प्रोसीडिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। महिलाओं के प्रति अपराध से संबंधित सूचना अथवा थाना में आवेदन प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अलावा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर एमवी एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई, डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई तथा संबंधित प्रतिवेदन सीसीटीएनएस एवं डायल-112 कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी मुकेश कुमार ने पुलिसकर्मियों से अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा, उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान और पुलिस की कार्यप्रणाली में तत्परता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए।









