रांची: विधानसभा के करीब पहुंचे आंदोलनकारी, वाटर कैनन का इस्तेमाल भी बेअसर; हालात नाजुक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: JPSC और JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों का हुजूम सोमवार को विधानसभा के करीब पहुंच गया। हजारों की संख्या में छात्र तिरंगा और विभिन्न पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर सरकार को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए।

प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस की ओर से वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन इसका भी प्रदर्शनकारियों पर खास असर नहीं पड़ा। इसके बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है और पुलिस तथा छात्रों के बीच टकराव की आशंका बढ़ गई है।

भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए विधानसभा के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। छात्र शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ते हुए अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की आशंका के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

हरमू रोड और बिरसा चौक की ओर यातायात प्रभावित

छात्रों के प्रदर्शन के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। हरमू रोड और बिरसा चौक से जुड़ी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित होने की सूचना है। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

फिलहाल छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं और प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें