हावड़ा-गया एक्सप्रेस के कोच में छिपाकर रखी 40 बीयर कैन बरामद, आरपीएफ की कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



बरहरवा। रेलवे में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13023 हावड़ा-गया एक्सप्रेस से 40 बीयर कैन बरामद किए हैं। बरामद बीयर की अनुमानित कीमत करीब छह हजार रुपये बताई गई है।



आरपीएफ को 7 अगस्त 2026 की अहले सुबह गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में एएसआई सुरेश पासवान, कांस्टेबल अनिल कुमार साह और कांस्टेबल रमेश यादव की टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन पर विशेष तलाशी अभियान चलाया।

ट्रेन के बरहरवा स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी के एएसआई प्रसेनजीत दास और कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय के साथ बरहरवा से तीनपहाड़ के बीच स्लीपर कोच एस-2 और एस-3 की संयुक्त जांच की गई। जांच के दौरान एस-3 कोच के शौचालय की छत के ऊपर लगे प्लाईवुड पैनल को खोलकर तलाशी ली गई। इस दौरान पैनल के अंदर बनाए गए गुप्त स्थान से 500 मिलीलीटर के 40 बडवाइजर मैग्नम बीयर कैन बरामद हुए।

आरपीएफ ने बरामद बीयर को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर उतारकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जप्ती सूची तैयार कर जब्त किया। इसके बाद बरामद सामग्री को सुरक्षित रूप से सड़क मार्ग से आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया।

मामले की सूचना साहिबगंज उत्पाद विभाग को दे दी गई है। आरपीएफ के अनुसार, बरामद बीयर को झारखंड उत्पाद अधिनियम एवं अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंपा जा रहा है। हालांकि, इस मामले में बीयर कोच में किसने और किस उद्देश्य से छिपाई थी, इसकी जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

और पढ़ें