सरकार-छात्र वार्ता पर बना गतिरोध, मीडिया के सामने बातचीत की मांग पर अड़े छात्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन धरना और अनशन पर बैठे छात्रों तथा राज्य सरकार के बीच प्रस्तावित वार्ता को लेकर एक बार फिर गतिरोध की स्थिति बन गई है। छात्रों ने मांग की है कि सरकार के साथ होने वाली बातचीत मीडिया की मौजूदगी में कराई जाए। यदि यह संभव नहीं हो, तो पूरी वार्ता की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए।

छात्रों के प्रवक्ता पीयूष कुमार ने बताया कि अब तक सरकार के साथ वार्ता के लिए न तो समय तय हुआ है और न ही स्थान। उन्होंने कहा कि छात्र पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से मीडिया के सामने बातचीत चाहते हैं। उनका कहना है कि यदि मीडिया की उपस्थिति संभव नहीं है, तो कम से कम वार्ता की रिकॉर्डिंग की जानी चाहिए।

सरकार के जवाब का इंतजार

जानकारी के अनुसार, छात्रों की इस मांग पर सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसी कारण फिलहाल वार्ता की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है और दोनों पक्ष एक-दूसरे के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।

सरकार ने बनाई है मंत्रियों की कमेटी

गौरतलब है कि एक दिन पहले छात्रों ने सरकार के साथ बातचीत के लिए सहमति जताई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने वार्ता के लिए एक मंत्रिस्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, चमरा लिंडा, दीपिका पांडेय सिंह, संजय प्रसाद यादव तथा स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को शामिल किया गया है।

सरकार की ओर से गठित यह समिति छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न मांगों और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेगी। हालांकि, वार्ता की प्रक्रिया कब और किस प्रारूप में शुरू होगी, इस पर अब भी अंतिम निर्णय होना बाकी है।

Leave a Comment

और पढ़ें