संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में सुरक्षा बलों और पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से एक AK-47 राइफल और एक पिस्टल भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर, पांच लाख रुपये का इनामी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार तथा दो लाख रुपये की इनामी मीना शामिल हैं। पुलिस ने इसे नक्सली संगठन के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
खुफिया सूचना पर कांड्रा में हुई पहली गिरफ्तारी
पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर स्थित एक घर में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान रवि सरदार से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदेरबेड़ा स्थित बुंगरून उर्फ गोपी पहाड़िया के मकान में छापेमारी की। यहां से 15 लाख रुपये के इनामी मदन महतो उर्फ शंकर और दो लाख रुपये की इनामी मीना को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मदन महतो पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले का निवासी है और नक्सली संगठन में रीजनल कमेटी सदस्य के रूप में सक्रिय था, जबकि मीना पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले की रहने वाली है।
AK-47 और पिस्टल बरामद, अभियान जारी
गिरफ्तार नक्सलियों के पास से एक AK-47 राइफल और एक पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सली संगठन के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि क्षेत्र में संगठन के अन्य सदस्य भी सक्रिय हो सकते हैं। इसे देखते हुए पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है।
अधिकारियों ने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं।









