बोकारो में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपती और बहू की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड में बुधवार सुबह हुए तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कुकुरलीलवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान जानकी महतो, उनकी पत्नी तथा पुत्रवधू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटना के बाद पड़ोस में रहने वाले राजू सिंह ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों की हत्या कुल्हाड़ी से की गई है। हालांकि, हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटनास्थल से जुटाए जा रहे साक्ष्य

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण शुरू किया। हत्या से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं ताकि वारदात के कारणों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए है।

Leave a Comment

और पढ़ें