जमशेदपुर के हलुदबानी तालाब से अज्ञात शव बरामद, इलाके में सनसनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हलुदबानी पारा टोला स्थित अभिनाश तालाब से शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हलुदबानी के छुटकी टोला की कुछ महिलाएं रोजाना की तरह सुबह तालाब में स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी नजर तालाब में तैर रहे एक शव पर पड़ी। शव देखते ही महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह दो से तीन दिन पुराना है। शव से दुर्गंध आने लगी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह काफी समय से पानी में पड़ा हुआ था। हालांकि मृतक की उम्र और पहचान के संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक किसी स्थानीय व्यक्ति ने शव की पहचान नहीं की है।

परसुडीह थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना के बाद हलुदबानी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment

और पढ़ें