सवाल का जवाब नहीं देने पर छात्रा की पिटाई! दुमका के स्कूल में शिक्षक पर गंभीर आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

दुमका: झारखंड के दुमका जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। सदर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कक्षा छह की एक छात्रा की कथित रूप से शिक्षक द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सवाल का जवाब नहीं देने पर प्रधानाध्यापक सह शिक्षक ने छात्रा को इतना पीटा कि उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार केंदपानी गांव की रहने वाली आदिवासी छात्रा अनु मुर्मू पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ होने के बावजूद पढ़ाई के लिए स्कूल पहुंची थी। कक्षा के दौरान प्रधानाध्यापक सह शिक्षक रणधीर मल्लाह ने उससे एक सवाल पूछा। परिजनों का आरोप है कि छात्रा के जवाब नहीं देने पर शिक्षक ने गुस्से में आकर छड़ी से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश जैसी हो गई।

घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी। पिता मौके पर पहुंचे और अपनी बेटी को तत्काल दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। अस्पताल में छात्रा ने भी आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसे छड़ी से मारा। वहीं, यह भी आरोप है कि उसी दौरान अन्य छात्राओं की भी पिटाई की गई, लेकिन भय के कारण वे सामने नहीं आ रही हैं।

हालांकि, प्रधानाध्यापक रणधीर मल्लाह ने छड़ी से मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने छात्रा को केवल एक थप्पड़ मारा था। उनके अनुसार छात्रा पहले से बीमार थी, जिसकी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार हेम्ब्रम ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) से रिपोर्ट तलब की गई है। जांच में यदि शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि स्कूल बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान होना चाहिए, जहां अनुशासन के नाम पर हिंसा की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। अब सभी की निगाहें शिक्षा विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

और पढ़ें