संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी-बरलोंग के समीप कोयला लदे एलपी ट्रक और सवारी पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में ताशा पार्टी (बैंड-बाजा दल) के सदस्य सवार थे, जो गोला से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में छह लोग मारंग मर्चा गांव के निवासी हैं, जबकि एक अन्य मृतक स्थानीय समाजसेवी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संदेश जारी करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना करते हुए अधिकारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



