विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
तालझारी।
युवाओं को नशे की बुराइयों से बचाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से तालझारी थाना द्वारा शुक्रवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मसकलैया में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके परिवार, समाज और देश की प्रगति में भी बाधक बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने जीवन में नशे को कभी स्थान न दें और अपने मित्रों व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि युवाओं के सपने, शिक्षा और लक्ष्य ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें, तो वे न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को अनुशासित, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों और युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशा नहीं करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान शिक्षक सुमित कुमार, शिक्षक बमबम कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।








