संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
तालझारी। थाना पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए दो चोरी गए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी लौट आई। थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि टेक्निकल सेल की सहायता से थाना क्षेत्र से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। मोबाइल के वास्तविक मालिकों का पता लगाकर उनसे संपर्क किया गया और शुक्रवार दोपहर उन्हें थाना बुलाकर मोबाइल सौंप दिया गया। बरामद मोबाइल में एक गढ़वा निवासी रवि केसरी का था, जो दीपावली के समय गढ़वा थाना क्षेत्र से चोरी हो गया था। वहीं दूसरा मोबाइल कहलगांव निवासी अरसद खान का था, जो कहलगांव रेलवे स्टेशन से चोरी हुआ था।
मोबाइल वापस मिलने पर दोनों लोगों ने तालझारी थाना पुलिस, टेक्निकल सेल एवं थाना प्रभारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतने लंबे समय बाद उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल जाएगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के कारण यह संभव हो सका। स्थानीय लोगों ने भी तालझारी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई से आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होता है।









