संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
राजमहल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिवस पर राजमहल प्रखंड कांग्रेस कमिटी ने उत्साह और जनसेवा की भावना के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए।कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मोत्सव मनाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया
प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद ठाकुर की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। इस अवसर पर नेताओं ने राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना करते हुए उनके नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी लगातार किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए उनके संघर्ष को देश के लिए प्रेरणादायी बताया तथा जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष तनवीर राजा ने कहा कि राहुल गांधी का नेतृत्व युवाओं को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान कर रहा है। वहीं प्रखंड उपाध्यक्ष मोहम्मद सिफरान अख्तर ने कहा कि गरीबों, किसानों और बेरोजगार युवाओं की उम्मीदें राहुल गांधी से जुड़ी हैं। कार्यक्रम में जिला महासचिव मो इकबाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लालू प्रसाद, जिला सचिव सुभाष मिश्रा, दाहू टोला पंचायत उपाध्यक्ष मो. दाऊद हुसैन सहित अनेक नेताओं ने भी अपने विचार रखे। सभी कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों एवं जनसेवा के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।








