आरपीएफ के हत्थे चढ़े दो शातिर मोबाइल चोर,ट्रेन से छलांग लगाकर भागने की कोशिश नाकाम, चोरी के चार मोबाइल बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें








संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

बरहरवा। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को आरपीएफ ने देर रात फिल्मी अंदाज में धर दबोचा।भागने के लिए दोनों आरोपियों ने ट्रेन से छलांग भी लगा दी, लेकिन आरपीएफ जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के आगे उनकी एक न चली।तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹53,488 बताई गई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान और सिपाही सुजीत कुमार सिंह ने शुक्रवार के करीब 2:15 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी विश्वभारती पैसेंजर ट्रेन की सघन जांच कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक कोच के भीतर संदिग्ध स्थिति में घूमते दिखाई दिए।पूछताछ के लिए रोकते ही दोनों ट्रेन से कूदकर भागने लगे, लेकिन आरपीएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर उन्हें पकड़ लिया।पूछताछ में दोनों की पहचान चांद शेख (25) और इस्तेफाक शेख (30), दोनों निवासी पाकुड़ जिला झारखंड के रूप में हुई। तलाशी में उनके पास से चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि दो मोबाइल बरहरवा रेलवे स्टेशन के द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में सो रहे यात्रियों से, जबकि दो मोबाइल टिकट काउंटर के समीप सोए लोगों से चोरी किए गए थे।आरपीएफ ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में सभी मोबाइल फोन जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों आरोपियों को बरामद मोबाइल, जब्ती सूची और अन्य दस्तावेजों के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा के हवाले कर दिया गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी और नियमित गश्ती अभियान लगातार चलाया जा रहा है। साथ ही यात्रियों से भी अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।

Leave a Comment

और पढ़ें